कृष्णपुरा, वार्ड नंबर 17। कृष्णपुरा स्थित संजय पार्क में वेलफेयर सोसायटी द्वारा पेड़ काटे जाने को लेकर पार्क में घूमने आए लोगों, महिलाओं और बुजुर्गों ने जबरदस्त विरोध जताया। पेड़ों की कटाई को लेकर मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। लोगों के विरोध के बाद फिलहाल मामले को बढ़ने से रोक दिया गया।
स्थानीय लोगों ने पार्क में पेड़ों की कटाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्क हरियाली और स्वच्छ वातावरण का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग सैर करने आते हैं। विशेषकर महिलाएं और बुजुर्ग सुबह-शाम पार्क में समय बिताते हैं। ऐसे में पेड़ों की कटाई से पार्क की हरियाली और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
विरोध कर रहे लोगों ने पार्क में पेड़ों को बचाने की मांग उठाई। मौके पर मौजूद लोगों के कड़े विरोध के चलते स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया गया।
स्थानीय लोगों की मांग है कि पार्क में पेड़ों की कटाई के मामले की जांच की जाए और हरियाली को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाई जाए। लोगों का कहना है कि पार्क आम जनता की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण के लिए हैं, इसलिए इनके रखरखाव में हरियाली को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
फिलहाल इस घटना के बाद पार्क में पेड़ों की कटाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।

