हरियाणा के पानीपत में करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई व्यापारियों से मॉल खरीदने के नाम पर सौदे कर भुगतान न करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाटल रोड स्थित न्यू मॉडल टाउन सैनी कॉलोनी निवासी प्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से व्यापारियों को झांसे में लेकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपों का सामना कर रहा था।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने मॉल खरीदने और बड़े निवेश का भरोसा देकर कई व्यापारियों के साथ सौदे किए, लेकिन तय रकम का भुगतान नहीं किया। मामले में कई व्यापारियों ने आर्थिक नुकसान होने की शिकायत पुलिस को दी थी, जिसके बाद कार्रवाई तेज की गई।
पुलिस ने आरोपी प्रीत सिंह को अदालत में पेश कर 2 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस उससे ठगी के नेटवर्क, लेन-देन और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों दीपक कपूर, राज रतन और राहुल कुमार की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले के वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि ठगी की वास्तविक राशि और प्रभावित व्यापारियों की संख्या का पता लगाया जा सके।
