पानीपत, 3 अगस्त , गोहाना रोड स्थित कृष्णपुरा मेन बाजार के सामने अग्रवाल मार्केट में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजली के एक ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही क्षणों में ट्रांसफार्मर आग की लपटों से घिर गया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। आग की भयावह तस्वीर देखकर बाजार में मौजूद दुकानदार और ग्राहक घबरा गए तथा सुरक्षा की दृष्टि से दुकानों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही बिजली निगम तथा दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग आसपास की दुकानों तक फैलने से पहले ही रोक ली गई।
प्रारंभिक तौर पर भीषण गर्मी और ट्रांसफार्मर पर बढ़े विद्युत भार को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित रही।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने बिजली निगम से मांग की कि बाजार क्षेत्र में लगे पुराने ट्रांसफार्मरों की नियमित तकनीकी जांच कराई जाए तथा बढ़ते बिजली भार को देखते हुए उनकी क्षमता में आवश्यक वृद्धि की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
