हरियाणा बीजेपी में लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच आखिरकार बड़ा संगठनात्मक बदलाव कर दिया गया। पार्टी हाईकमान ने मोहन लाल बड़ौली को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा बीजेपी की नई प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और इसे आगामी चुनावों से पहले बीजेपी की बड़ी रणनीतिक चाल माना जा रहा है। डॉ. अर्चना गुप्ता हरियाणा बीजेपी की दूसरी महिला प्रदेश अध्यक्ष बनी हैं। करीब 43 साल बाद पार्टी ने किसी महिला नेता को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। बीजेपी नेतृत्व के इस फैसले को महिला सशक्तिकरण और संगठन में नए चेहरे को आगे लाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
बीजेपी सूत्रों के अनुसार पार्टी आगामी विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन में नए नेतृत्व को मौका देना चाहती थी। पार्टी महिला वोट बैंक को मजबूत करने और युवा व महिला कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा करने के लिए भी यह बड़ा फैसला माना जा रहा है।
वहीं मोहन लाल बड़ौली को हटाए जाने के पीछे कई राजनीतिक कारण बताए जा रहे हैं। पिछले कुछ समय से संगठन के अंदर उनकी कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे थे। इसके अलावा कुछ विवादों के चलते भी पार्टी नेतृत्व असहज माना जा रहा था। हालांकि बीजेपी की ओर से इसे सामान्य संगठनात्मक बदलाव बताया गया है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देख रहे हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ. अर्चना गुप्ता ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगी और बीजेपी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगी। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini समेत कई वरिष्ठ बीजेपी नेताओं ने डॉ. अर्चना गुप्ता को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थन में प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। डॉ. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति के बाद प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। इसी कड़ी में कृष्णपुरा बीजेपी मंडल की ओर से भी उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी गई। मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और पार्टी प्रदेश में और अधिक मजबूत होकर उभरेगी। साथ ही कृष्णपुरा मार्किट एसोसिएशन की तरफ से कृष्णपुरा मार्किट एसोसिएशन के प्रधान सतीश सहगल ने भी परदे अध्यक्ष डॉ. अर अर्चना गुप्ता जी को बधाई दी।
हरियाणा बीजेपी में हुए इस बड़े बदलाव के बाद अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी संगठन को किस तरह नई दिशा मिलती है और आने वाले चुनावों में इसका कितना असर दिखाई देता है।
